दिव्य महाराष्ट्र मंडल

VIDEO NEWS : उम्मीद से परे जाकर... मुख्यमंत्री बघेल ने कर दी बड़ी घोषणा... उत्साहित समाज मना रहा उत्सव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले यानी 1 अप्रैल को प्रदेश के युवा बेरोजगारों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने अपनी घोषणा में इस बात की छूट दे दी है कि जो जब आवेदन करेगा, उसे उसी दिन से बेरोजगारी भत्ता की पात्रता मिल जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दूसरी घोषणा महाराष्ट्र मंडल के पुननिर्मित भवन के लोकार्पण अवसर पर की। मुख्यमंत्री बघेल ने महाराष्ट्र मंडल के नए भवन के विकास के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की। 

विदित है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार 1 अप्रैल को महाराष्ट्र मंडल के नए भवन के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर आसंदी पर विराजमान थे। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल के इतिहास को विस्तार से बताया, तो साथ ही वर्तमान परिस्थितियों से भी अवगत कराया। मंडल के अध्यक्ष काले ने संबोधन के दौरान कहा कि महाराष्ट्र मंडल ने ’पहले आओ, पहले पाओ’ की नीति को लागू किया है। यह भवन मराठी समाज द्वारा संचालित है, लेकिन आरक्षण नीति लागू नहीं होगी, बल्कि जो भी व्यक्ति या समाज पहले आएगा, उसके लिए भवन को उसकी जरुरत के लिए आरक्षित किया जाएगा। 

इसके साथ ही अध्यक्ष काले ने बताया कि नए भवन को आज की आवश्यकता के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें करीब 9 करोड़ रुपए की लागत आई है। जिसमें से 8 करोड़ 30 लाख रुपए लग चुके हैं। इसके बाद भी अभी कुछ जरुरी काम बाकी है, जिसमें करीब 70 लाख रुपए की लागत का अनुमान है। 

आसंदी पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद सुनील सोनी ने सांसद निधि से 5 लाख रुपए सहयोग राशि के तौर पर दिए जाने की घोषणा की, जिस पर सेंट्रल हॉल में मौजूद सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी घोषणा का स्वागत किया। इसके ठीक बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महाराष्ट्र मंडल भवन के विकास के लिए 25 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा करते हुए मौजूद लोगों के उत्साह को दोगुना कर दिया। जिससे पूरा समाज उत्साहित है और उत्सव मना रहा है।