दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल में आज मनाया जाएगा... भगवान परशुराम का जन्मोत्सव... भव्य आयोजन की हो रही तैयारी

रायपुर। राजधानी रायपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संस्थान चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आज शनिवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल परिसर में इस आयोजन के लिए भव्य तैयारी की जा रही है। बता दें कि महाराष्ट्र मंडल में हर साल भगवान परशुराम के जन्मोत्सव का आयोजन होता आया है।

महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्म समिति की प्रमुख आस्था काले ने बताया कि हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। भगवान परशुराम महर्षि जमदग्नि और रेणुका की संतान हैं। भगवान परशुराम का जन्म तृतीया को सायंकाल प्रदोष काल में हुआ था। ऐसा कहा जाता है कि परशुराम सात चिरंजीवी में से एक हैं और आज भी धरती पर जीवित मौजूद हैं।
 
हिन्दू पंचांग के अनुसार, आज यानी 22 अप्रैल 2023 शनिवार के दिन भगवान परशुराम जी का जनमोत्स्व मनाया जा रहा है। भगवान परशुराम महर्षि जमदग्नि और रेणुका के पुत्र और भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं। मान्यता है कि परशुराम जन्मोत्सव के दिन भगवान परशुराम जी की उपासना करने से साधक के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।

आध्यात्म समिति की प्रमुख आस्था काले ने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि आज अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त है। इसके साथ ही शास्त्रमत है कि इसी तृतीया तिथि से सनातन काल शुरु हुआ है। ऐसे में आज का दिन सनातनियों के बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आज शाम मंडल परिसर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन शाम 6 बजे रखा गया है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल होने का आग्रह किया गया है।