हाइटेक आंगनबाड़ी में आगामी कार्यों के लिए 26 जून की सुबह बैठक
- महाराष्ट्र मंडल के प्ले स्कूल में तेजी से हो रहे नौनिहालों के प्रवेश से और भी महिला समाजसेवियों की पड़ सकती है जरूरत
रायपुर। नगर पालिक निगम की ओर से निर्मित और महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित हाइटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल) के आगामी कार्यक्रमों व अभियान को मूर्तरूप देने के लिए 26 जून शुक्रवार को सुबह अति आवश्यक बैठक आहूत की गई है। बैठक में प्ले स्कूल में नि:स्वार्थ भाव से काम अथवा सहयोग करने वालों सहित मंडल के टाटीबंध और कोटा केंद्र के सभासदों को बैठक में आमंत्रित किया गया है।
हाइटेक आंगनबाड़ी की प्रभारी डॉ. शुचिता शचींद्र देखमुख ने बताया कि 20 जून को बड़े समारोह में स्थानीय विधायक राजेश मूणत के हाथों से उद्घाटित प्ले स्कूल में प्रतिदिन बच्चों का प्रवेश जारी है और जल्दी ही स्थिति क्षमता से अधिक नौनिहालों के प्रवेश की हो सकती है। ऐसी स्थिति में आसपास रहने वाली समाजसेवी महिला कार्यकर्ताओं की प्ले स्कूल में आवश्यकता हो सकती है। इसी तरह के अन्य विषयों को लेकर होने वाली बैठक में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर और सह प्रभारी नवीन देशमुखविशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्ले स्कूल की भावी योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे।