दिव्य महाराष्ट्र मंडल

युवा अपने कैरियर के साथ समाज को भी दें वक्तः काले

0- लोकमान्य तिलक की पुण्यतिथि पर महाऱाष्ट्र मंडल ने दी श्रद्धांजलि
 
रायपुर। महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और 'स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है' का अमर उद्घोष देने वाले लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को हम सब जानते हैं लेकिन क्‍या हम अपने परदादा या उनके पिता व उनके दादा का नाम जानते हैं। नहीं न, आप को भी बेहतरीन कैरियर बनाने के बाद अपने समाज और देश के लिए ऐसा कुछ करना है ताकि भावी कई पीढ़ियां आपको अपने कार्यों की वजह से याद रखें। बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर शनिवार को महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने युवा समिति के जेन जी सदस्‍यों के साथ अन्‍य पदाधिकारियों व सभासदों के समक्ष इस आशय के विचार व्‍यक्‍त किए। 
काले ने कहा कि युवा अपने कैरियर निर्माण के साथ समाज के लिए भी वक्त निकालें। जिस तरह लोकमान्य तिलक, वीर सावरकर, चंद्रशेखर, आजाद, सहदेव, राजगुरु जैसे क्रांतिकारियों व महापुरुषों ने अपने युवावस्था में अपने समाज और अपने देश को अपना समय दिया। इसी तरह हमें भी अपने समाज को समय देना होगा। उन्‍होंने कहा कि लोकमान्य तिलक ने जन-जन के मन में 'पूर्ण स्वराज्य' का मंत्र जागृत कर ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध क्रांति की लौ प्रज्‍जवलित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए उनके अनन्य प्रयास आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की उन्नति और प्रगति के लिए पूरे सामर्थ्य के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि तिलक के निर्भीक व्यक्तित्व, राष्ट्रवादी पत्रकारिता और जनजागरण के प्रयासों ने करोड़ों भारतीयों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा। स्वदेशी आंदोलन, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने स्वराष्ट्र, स्वभाषा और स्व संस्कृति के सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन और विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ रंगसाधक अनिल कालेले, संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के  प्रभारी परितोष डोनगांवकर, संपर्क प्रकल्‍प के प्रभारी सुबोध टोले, वरिष्‍ठजन सेवा समिति के प्रमुख दीपक पात्रीकर, सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी, युवा समिति की समन्वयक डा. शुचिता देशमुख, पुरुष प्रमुख शुभम पुराणिक, महिला प्रमुख श्रावणी मुकादम, अक्षता मातुरकर, तन्‍मय बक्षी, समीक्षा टोले, कियारा गुप्‍ते, ओजस देशमुख, सानवी डोनगांवकर, प्रज्ञा वैशंपायन, अपर्णा जोशी सहित युवा समिति के सदस्य व सभासद उपस्थित रहे।