तीज महोत्सव, संक्राति, महिला दिवस और महिला उत्सव पर होगा भव्य आयोजन
2026-07-30 06:42 PM
220
- महाराष्ट्र मंडल के 17 महिला केंद्रों की मंडल परिसर में हुई विशेष बैठक
- साल भर में चार बड़े आयोजनों की अलग-अलग महिला केंद्रों को मिली जिम्मेदारी
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय महिला केंद्रों की सदस्यों की इस वर्ष की कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण के बाद हुई पहली बैठक में महिलाएं ऊर्जा से सराबोर नजर आई। महिला प्रमुख की अगुवाई में नये सदस्य उत्साह से भरे रहे। महिला केंद्रों द्वारा इस वर्ष तीज महोत्सव, संक्रांति, महिला दिवस और महिला उत्सव पर वृहद स्तर का आयोजन किया जाएगा। महिला प्रमुख ने इन चारों बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी अलग-अलग महिला केंद्र को सौंप दी है। वहीं उन्होंने मंडल के नये सदस्य जोड़ने और महाराष्ट्र मंडल को आर्थिक रुप से सुदृढ़ करने की दिशा में काम करने की बात भी सभी महिला सदस्यों से की है।

महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले से बैठक में आई सभी केंद्रों की संयोजिका और सहसंयोजिकाओं से कहा कि सभी अपने केंद्रों में प्रत्येक रविवार को बाल संस्कार शिविर लगाए। केंद्र की महिलाएं निचली बस्ती में जाकर आर्थिक रुप से कमजोर बच्चों में संस्कार रोपित करें। जरूरत पड़ने पर उनकी आर्थिक, सामाजिक और मानसिंक रुप से मदद भी करें। पत्येक शनिवार को रामरक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का पाठ नियमित रुप से करें। उन्होंने सभी से अपने-अपने केंद्र के वरिष्ठ जनों के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी से कहा कि प्रत्येक माह होने वाली केंद्रों की बैठक की संपूर्ण जानकारी मुख्यालय में जरूर दें।
विशाखा तोपखानेवाले ने आगे बताया कि महाराष्ट्र मंडल द्वारा आगामी दिनों में तीज महोत्सव, संक्राति, महिला दिवस और महिला उत्सव पर बड़े आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए तीज महोत्सव की जिम्मेदारी वल्लभनगर, सिविल लाइन, अमलीडीह, बूढ़ापारा और तात्यापारा केंद्र की महिलाओं को संयुक्त रुप से दिया गया है। वहीं संक्राति के आयोजन की जिम्मेदारी टाटीबंध, सरोना, कोटा और चौबेकालोनी केंद्र को सौंपी गई है। महिला उत्सव का जिम्मा शंकर नगर, अवंती विहार, देवेंद्र नगर और सड्डू-मोवा केंद्र को और महिला दिवस आयोजित करने की काम रोहिणीपुरम, डंगनिया, सुंदर नगर और कमल विहार केंद्र द्वारा किया जाएगा।

विशाखा तोपखानेवाले ने कहा कि मंडल द्वारा इस बार पांच उप महिला प्रमुख का मनोनयन भी किया गया है। अपर्णा देशमुख को शंकर नगर, देवेंद्र नगर, अवंती विहार और सड्डू-मोवा का जिम्मा दिया गया है। वहीं रेणुका पुराणिक को वल्लभनगर, सिविल लाइन और अमलीडीह का प्रभार दिया गया है। मनीषा वरवंडकर को रोहिणीपुरम, डंगनिया और सुंदर नगर केंद्र का प्रभार दिया गया है। प्रिया बक्षी को चौबे कालोनी, तात्यापारा और बूढ़ापारा का प्रभार दिया गया है। वहीं रश्मि गोवर्धन को टाटीबंध, कोटा और सरोना की जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में उपस्थित मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने कहा कि 9 अगस्त को मंडल द्वारा नगर स्तरीय अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में सभी को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से सहयोग देना है। उन्होंने सभी से कहा कि आपके परिचय में कोई होगा जो गायन में रूचि रखता होगा, तो उसे इस अंताक्षरी के बारे में जरूर बताए और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें।