'स्वच्छता ही संस्कृति’ पर भव्य रंगोली को देखने के लिए उमड़ रही भीड़
2026-09-23 06:59 PM
47
0- महाराष्ट्र मंडल के गणेशोत्सव पर आमजनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रंगोली प्रेरणास्पद भी
रायपुर। शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर के आग्रह पर महाराष्ट्र मंडल के डायनिंग हॉल में 14/12 फीट की अद्भुत स्वच्छता का संदेश देती विशाल रंगोली संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने बनाई है। जिसे देखने के लिए शुरू से ही लोगों की भीड़ लगातार बनी हुई है।
‘स्वच्छता ही संस्कृति’ शीर्षक के अंतर्गत प्रांतीय दृश्य कला विभाग संयोजक भोजराज धनगर और महानगर सदस्य सिद्धार्थ सोनी ने अपने कला प्रदर्शन में श्री गणेश भगवान और वाहन मूषक के माध्यम से मंदिर/देवालयों की स्वच्छता, गंगा आरती के माध्यम से नदी की स्वच्छता और देशज संस्कृति के प्रति जागरूक महिला के माध्यस से स्वच्छता का संदेश दिया है। सनातन संस्कृति में आदिकाल से स्वच्छता ही हमारी संस्कृति रही है। इस बात को कलाकारों ने रंगोली के माध्यम से बखूबी प्रदर्शित किया है।
दो दिनों की अथक मेहनत के बाद पूरी हुई चित्ताकर्षक रंगोली को देखने के लिए अभी से ही महाराष्ट्र मंडल के सभासदों के साथ आमजनों की भीड़ भी लगी हुई है। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने जानकारी दी कि आमजनों को स्वच्छता की प्रेरणा देने वाली यह रंगोली अनंत चतुर्दशी यानी 25 सितंबर, शुक्रवार तक देखी जा सकेगी।