दिव्य महाराष्ट्र मंडल

दिवाली पहाट में भक्ति गीतों के साथ गजल पर भी बजीं तालियां

 - महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में सुमधुर संगीतमय कार्यक्रम देखने सुबह बड़ी संख्‍या में पहुंचे दर्शक

     
रायपुर। ‘केव्हा तरी पहाटे...’ गजल की प्रस्‍तुति से प्रकृति दंडवते ने महाराष्‍ट्र मंडल के दिवाली पहाट के श्रोताओं को सुमधुर सरप्राइस किया। साथ ही इस बात को लेकर आश्‍वस्‍त भी किया कि आज की युवा पीढ़ी अपनी संस्‍कृति, संस्‍कारों और परंपराओं को सगर्व आगे बढ़ाने को लेकर तत्‍पर है। यही बात बेहद सधे हुई शास्‍त्रीय गायन के संदर्भ में गार्गी काले के बारे में कही जा सकती है, जिन्‍होंने ललित राग में बहुत ही सुंदर प्रस्‍तुति दी।  
महाराष्‍ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह में सुबह ‘दिवाली पहाट’ कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप लीडर गुरु चंद्रशेखर सुरावधनीवार के सधे हुए आवाज में गणेश वंदना से हुई। दिवाली पहाट का संगीतमय सफर करीब डेढ़ घंटे से अधिक श्रोताओं को मंत्रमुग्‍ध करता रहा। इसके अलावा भी ‘ध्यान लागले रामाचे’ गाकर सुरावधनीवार ने खासा प्रभावित किया। श्रीकांत कोरान्‍ने ने ‘जन्मोजन्मी बहुपुण्य केले’, सौमेंद्र फड़के ने ‘देवा अधिदेवा पांडुरंगा...’ और ‘हे सुरानो चंद्र व्‍हा’ से संगीतमय सफर को खूबसूरती से आगे बढ़ाया। 
 
कार्यक्रम के संयोजक प्रेम उपवंशी ने बताया कि अंजलि कान्‍हे के साथ वर्तिका क्षीरसागर ने ‘हीच आमुची प्रार्थना’ की संभावनापूर्ण युगल प्रस्‍तुति दी। वहीं अंजलि कान्‍हे ने सोलो परफार्मेंस ‘प्रभात काळी ईश्‍वरा’ से कार्यक्रम को और भी मधुर बनाया। इधर भाव गीत ‘देव माझा विठोबा’ को भी भक्‍तगणों ने काफी एंजाय किया। सुरमयी दिवाली पहाट की अंतिम प्रस्‍तुति भैरवी ही थी, जिसमें समस्‍त गायकों की भागीदारी उल्‍लेखनीय रही। लेकिन उससे पहले भक्तिगीत पर श्रुति सुरावधनीवार का क्‍लासिकल नृत्य चकित कर गया। वैसे भी दिवाली पहाट के 10 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है, जिसमें भक्ति गीत संगीत के साथ नृत्‍य की प्रस्‍तुति‍ भी हुई। 
सालभर याद रहने वाले इस कार्यक्रम का बेहतरीन संचालन प्रख्‍यात प्रवचनकर्ता चारुशीला देव ने किया। तबले पर गि‍रीश काले और अशोक कुर्म और सिंथेसाइजर पर मुद्लियार ने अपनी शानदार भूमिकाएं निभाईं। कार्यक्रम के बाद महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्‍यक्ष गीत श्‍याम दलाल, सचिव चेतन गोविंद दंडवते, महिला प्रमुख विशाखा मदन तोपखानेवाले, मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन, सह सचिव नमिता शेष, संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सियान गुड़ी के प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर ने मंचस्‍थ सभी गायकों- गायिकाओं व कलाकारों का सम्‍मान किया।