दिव्य महाराष्ट्र मंडल

रविवार को महाराष्ट्र मंडल में भव्य आयोजन... 10 बटुकों का होगा सामूहिक उपनयन संस्कार... हो रही जोरदार तैयारी

रायपुर। हर साल की तरह इस बार भी महाराष्ट्र मंडल सामूहिक उपनयन संस्कार का भव्य आयोजन करने जा रहा है। महाराष्ट्र संस्कार केंद्र और महाराष्ट्र मंडल के संयुक्त तत्वाधान में इस बार 21 मई को सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए रायपुर, भिलाई और बिलासपुर से कुल 10 बटुकों का पंजीयन हुआ है। इसमें 8 वर्ष से 21 वर्ष तक के बटुक शामिल हैं। 

बता दें कि महाराष्ट्र मंडल के नव लोकार्पित भवन में इस तरह का पहला सामूहिक और सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। हालांकि महाराष्ट्र मंडल द्वारा यह 24 वां सामूहिक उपनयन संस्कार है। इससे पहले कुल आयोजनों में तकरीबन 300 बटुकों का उपनयन संस्कार कराया जा चुका है। 

इस विषय पर अधिक जानकारी देते हुए महाराष्ट्र मंडल के सचिव आचार्य चेतन दंडवते ने बताया कि 21 मई सुबह 8 बजे उपनयन संस्कार की विधि पूरे विधान के साथ प्रारंभ हो जाएगी। सबसे पहले मंडप पूजन का आयोजन किया जाएगा, इसके पश्चात मातृकापूजन एवं मातृभोज, फिर मंगलाष्टक संपन्न किया जाएगा। वैदिक मंत्रोप्चार के साथ विधि संपन्न कराने के बाद सभी बटुक भिक्षाटन कर काशी यात्रा करेंगे। 

आचार्य दंडवते ने बताया कि इस एकदिवसीय कार्यक्रम में जिन बटुकों का उपनयन संस्कार किया जाएगा, उसकी तमाम तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। 21 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे वैदिक मंत्रोप्चार के साथ संस्कार की सभी गतिविधियां पूर्ण होने के बाद भोजन की व्यवस्था रखी गई है। इस भव्य आयोजन में तकरीबन 450 लोगों की मौजूदगी का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपनयन संस्कार संपन्न होने के पश्चात बटुकों को संध्या संस्कार की किताब का मुफ्त वितरण भी किया जाएगा

मंडल सचिव आचार्य दंडवते ने आगे बताया कि महाराष्ट्र मंडल जल्द ही सामूहिक कन्या उपनयन संस्कार का भी आयोजन करने वाला है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व एक कन्या का व्रतबंध बीते वर्ष किया गया था। जिसके बाद से कई परिवारों ने रूचि दिखाई है, जिसके लिए महाराष्ट्र मंडल जल्दी ही समय निर्धारित कर सूचना प्रदान करेगा।