दिव्य महाराष्ट्र मंडल

तय परिधान संग महाराष्ट्र मंडल में कोई भी कर सकता है योग, नहीं है मराठी भाषी होने की शर्त

रायपुर। नौवारी साड़ी और धोती कुर्ता पहनकर आप भी बन सकते हैं ऐतिहासिक योग का हिस्सा। इसके लिए आपका मराठी भाषी होना बिल्कुल जरूरी नहीं है। मंगलवार शाम को महाराष्ट्र मंडल में हुई बैठक में सीटी ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मनोज लांजेवार ने कहा कि प्रतिदिन योग करने से न केवल हम शारीरिक रूप से स्वस्थ होते हैं, बल्कि योग हमें विभिन्न बीमारियों  से बचाता भी है।

महाराष्ट्र मंडल की योग समिति प्रभारी आस्था अभय काले ने समस्त पदाधिकारियों के सुझाव देने व सहयोग के आश्वासन के बीच यह घोषणा की है कि इस बार महाराष्ट्र मंडल भवन में 21 जून को महिलाएं नौवारी साड़ी पहनकर और विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष धोती- कुर्ता पहनकर योग करेंगे।

स्वस्थ्य सेवा समिति के प्रभारी अरविंद जोशी, मंडल उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंडन ने इस घोषणा के बाद स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र मंडल में होने वाला यह आयोजन सिर्फ मराठी भाषियों के लिए ही नहीं है क्योंकि योग का संबंध अकेले महाराष्ट्र मंडल या मराठी भाषियों से नहीं, बल्कि सभी से है। इसीलिए इस आयोजन में गैर मराठी भाषी महिलाएं भी नौवारी साड़ी पहनकर व पुरुष धोती- कुर्ता पहनकर 21 जून को सुबह 7:00 बजे से पहले चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में पहुंच सकते हैं। योग समिति के सदस्य दो-तीन दिन पहले से ही नौवारी साड़ी व धोती- कुर्ता पहनकर रिहर्सल शुरू कर देंगे।