दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल का फॉरेवर स्टार बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड और होप इंटरनेशनल वर्ल्‍ड रिकार्ड ने किया सम्मान

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष मौके पर महाराष्ट्र मंडळ के सदस्यों ने अनोखी पहल करते हुए एक नया रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। जिसके चलते महाराष्ट्र मंडळ को दो प्रमुख वर्ल्‍ड रिकार्ड से सम्मानित किया गया। सम्‍मान प्रदान करने वाली इन संस्‍थाओं में होप इंटनेशनल वर्ल्‍ड रिकार्ड एवं फाॅरेवर स्टार बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड शामिल है। 

दरअसल, महाराष्ट्र मंडल रायपुर ने इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुछ नया करने का फैसला लिया था। जिसके तहत महिलाओं को नौवारी साड़ी और पुरूषों को धोती कुर्ता में योग करने के लिए तैयार किया गया। मंडल के सदस्यों ने अपने पारंपरिक परिधान के साथ इस नवीन पहल को लेकर रूचि दिखाई और 21 जून को महाराष्ट्र मंडळ में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
 
महाराष्ट्र मंडळ के सदस्यों की इस एकजुटता और नवीनतम प्रयास को फॉरेवर स्टार बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड और होप इंटरनेशनल वर्ल्‍ड रिकार्ड के ने जमकर सराहा तो महाराष्ट्र मंडळ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। महाराष्ट्र मंडळ के अध्यक्ष अजय काले को यह सम्मान पर्यावरण प्रेमी शुभांगी आप्टे ने दिया।  

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त इन दोनों ही संस्थाओं ने महाराष्ट्र मंडळ में यह देखा कि बड़ी संख्या में सदस्यों ने पारंपरिक मराठी परिधान में एक साथ एकजुट होकर बेझिझक होकर जिस तरह से योग के निर्धारित सभी आसनों को किया, वह अपने आप में प्रशंसनीय था। यही वजह है कि महाराष्ट्र मंडळ को ये दोनों सम्मान प्रदान किए गए।