दिल्ली में बनेगा बृहन्महाराष्ट्र मंडल का कार्यालय, महाराष्ट्र सरकार से बजट निर्धारण की होगी मांग
2023-02-25 01:14 PM
250
रायपुर। बृहन्महाराष्ट्र मंडल का तीन दिवसीय वार्षिक अधिवेशन 24 फरवरी शुक्रवार को इंदौर में शुरू हुआ। इसमें कई प्रदेशों में निवासरत मराठी भाषियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र मंडल रायपुर का प्रतिनिधमंडल भी पहुंचा है। बृहन्महाराष्ट्र मंडल के 71वें अधिवेशन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर को भारत रत्न प्रदान करने की मांग पर चर्चा की गई। दिल्ली में कार्यालय भवन बनाने और महाराष्ट्र सरकार से बजट निर्धारण की मांग को लेकर चर्चा की जाएगी।
एमरल्ड हाइट्स स्कूल के सभागार में सांस्कृतिक प्रस्तुति से शुरू हुए इस कार्यक्रम में यह अधिवेशन महाराष्ट्र समाज तरुण मंच समिति आयोजित कर रही है। इस बैठक में 24 कार्यकारिणी संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्ताव रखे जाने हैं। मुख्य रूप से वीर सावरकर को भारत रत्न प्रदान करने की मांग की जाएगी।
इस संस्था के मुख्य संरक्षक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होते हैं, इसलिए संस्था द्वारा महाराष्ट्र सरकार से पृथक बजट निर्धारण करने की मांग की जाएगी। नई दिल्ली में संस्था का प्रतिनिधित्व मजबूत हो, इसके लिए वहां कार्यालय बनाने की मांग भी केंद्र सरकार से की जाएगी।
अधिवेशन की औपचारिक शुरुआत शनिवार सुबह 9.30 बजे हुई। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र मराठी भाषा विभाग के मंत्री दीपक केसरकर मुख्य अतिथि के रुप मे पहुंचे। कार्यक्रम में मराठी भाषी व्यक्तियों और संस्थाओं का उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मान किया जाएगा। कोरोना काल में किए गए सेवा कार्य के लिए रायपुर महाराष्ट्र मंडल को भी सम्मानित किया जाएगा।