शिक्षा-कैरियर-लाइफ स्टाइल

भारतीय सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस और छत्तीसगढ़ की बेटी सुलक्षणा पंडित के निधन पर सीएम ने जताया शोक

रायपुर। अभिनय के साथ गायिकी में अपनी पहचान बनाने वाली पिछली सदी के सातवें और आठवें दशक की अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का गुरुवार को निधन हो गया। वह 71 साल की थीं। उनके भाई और संगीतकार ललित पंडित ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें कार्डिक अरेस्ट आया था। 12 जुलाई, 1954 को जन्मी सुलक्षणा संगीत-परिवार से ताल्लुक रखती थीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर अपने एक्स हैंडल पर शोक व्यक्त किया।

सीएम साय ने एक्स पर लिखा कि संगीत और एक्टिंग में उनके सफर की जड़ें छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की सांस्कृतिक मिट्टी से जुड़ी थीं, जहाँ संगीत सिर्फ एक परंपरा नहीं बल्कि ज़िंदगी का हिस्सा है। रायगढ़ की पुरानी बस्ती के रामगुड़ी पारा में स्थित अशरफी देवी महिला अस्पताल में जन्मीं सुलक्षणा जी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई रायगढ़ में पैलेस रोड पर स्थित सरकारी गर्ल्स स्कूल से की थी।

उनके पिता, प्रताप नारायण पंडित जी, राजा चक्रधर सिंह के दरबार में एक जाने-माने तबला वादक थे। उनके परिवार के लिए संगीत सिर्फ एक कला नहीं बल्कि जीने का तरीका था, और सुलक्षणा जी ने उसी भावना को अपनी धुनों में ढाला और पूरी दुनिया में पहुँचाया, जिससे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ।

उनकी आवाज़ में सादगी, भावना और इस मिट्टी की खुशबू थी। छत्तीसगढ़ उनकी अमर संगीत यात्रा को श्रद्धांजलि देता है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और दुख की इस घड़ी में उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।