राजधानी भोपाल के विकास कार्यों को गति देने मंत्री सारंग ने दिए निर्देश
भोपाल : सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को मंत्रालय स्थित प्रतीक्षाकक्ष में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर भोपाल में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित कार्यों के शीघ्र निराकरण, सीवेज कार्यों के बाद सड़कों के व्यवस्थित पुनर्स्थापन, स्वच्छता अभियान और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री सारंग ने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री सारंग ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। नगर निगम मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निराकरण कर विकास कार्यों को गति दी जाए, जिससे नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने सीवेज कार्यों के बाद सड़कों एवं संबंधित स्थलों के पुनर्स्थापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने कहा कि सीवेज कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ववत किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस दिशा में वार्ड क्रमांक 58 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कार्य किया जाएगा।