देश-विदेश

'ग्लोबल मिलेट्स सम्मेलन' का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री, जारी करेंगे डाक टिकट और सिक्का

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 मार्च को नई दिल्ली में 'ग्लोबल मिलेट्स (श्री अन्न) सम्मेलन' का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर, श्री मोदी अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष (आईवाईएम)-2023 पर एक डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-भारतीय कदन्न अनुसंधान संस्थान (आईआईएमआर) को वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में घोषित किए जाने के साथ ही कार्यक्रम के दौरान श्री अन्न पर एक वीडियो भी जारी किया जाएगा।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस उद्घाटन समारोह के दौरान इथियोपिया और गुयाना के राष्ट्राध्यक्षों के वीडियो संदेश चलाए जाएंगे। इस कार्यक्रम में छह देशों के कृषि मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। कृषि मंत्रियों के साथ गोलमेज सत्र और द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी। वैश्विक सम्मेलन में 100 से अधिक देशों की भागीदारी होने की संभावना है और दुनिया भर से कई हितधारक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

6 दिसंबर, 2022 को, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) ने रोम, इटली में अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष- 2023 के लिए एक आधिकारिक उद्घाटन समारोह का आयोजन किया। अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष- 2023 के उत्सव को जारी रखते हुए, भारत ने इस पहले वैश्विक सम्मेलन को आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) ने 5 मार्च, 2021 को 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में घोषित किया। भारत सरकार द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव को 72 देशों का समर्थन मिला था। इस घोषणा के माध्यम से, यूएनजीए का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और पोषण के लिए पोषक अनाज (श्री अन्न) के बारे में जागरूकता बढ़ाना, अनुसंधान एवं विकास और विस्तार में निवेश बढ़ाना व श्री अन्न की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार के लिए हितधारकों को प्रेरित करना है। भारत सरकार का लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष 2023 को किसानों, उपभोक्ताओं के समग्र लाभ और जलवायु के लिए एक जन आंदोलन बनाना है।

इसी सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए भारत सरकार ने आईवाईएम 2023 के लक्ष्‍यों को हासिल करने और भारत को 'मोटे अनाजों के वैश्विक केंद्र' के रूप में स्थापित करने के लिए किसानों, स्टार्ट-अप्स, निर्यातकों, खुदरा व्यवसायों, होटल संघों तथा भारत और विदेशों में सरकार के विभिन्न अंगों को शामिल करते हुए एक बहु-हितधारक सहयोगपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया है। वर्ष 2023 मोटे अनाजों को अपनाने और बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय व अंतर्राष्‍ट्रीय स्तर पर साल भर चलने वाले अभियान और अनेक गतिविधियों का साक्षी बनेगा।

 

----------