छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की बस वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर हुई हादसे का शिकार, 4 की मौत, 9 घायल
2025-09-15 02:29 PM
118
वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया।छत्तीसगढ़ के पखांजूर से धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से भरी एसी बस ट्रेलर से टकरा गई।इस दर्दनाक हादसे में बस चालक सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं।हादसा लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास हुआ।
मृतकों की पहचान दुर्ग निवासी चालक दीपक (39), आशा भवन (30), गुलाब (32) और एक अज्ञात महिला श्रद्धालु के रूप में हुई है।घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन और अयोध्या के दर्शन करने के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। रात में ओवरटेक करने की कोशिश में बस का नियंत्रण बिगड़ गया और सामने चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में सवार लोग हादसे के वक्त गहरी नींद में थे।धमाके की आवाज के बाद अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य किया और जाम को खुलवाया।