देश-विदेश

कार का पहिया फटा... डिवाइडर तोड़ ट्रक से जा भिड़ी... परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

रविवार दोपहर झांसी में कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा हो गया। इसमें दो बेटी और मां सहित 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक एक परिवार के 6 लोग दतिया में मां पीतांबरा के दर्शन करके कानपुर लौट रहे थे। 

बताया जा रहा है कि दर्शन के बाद लौटते वक्त रास्ते में करगुआं गांव के पास उनकी कार का पहिया फट गया। इसके बाद कार डिवाइडर पर चढ़कर हाईवे की दूसरी लाइन में जाकर ट्रक से भिड़ गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार कानपुर से झांसी के लिए रवाना हो गया है। 

उन्नाव के जवाहर नगर निवासी महेश चंद तिवारी (55) पुत्र अनंतराम तिवारी ने बताया कि परिवार के लोग कई दिनों से मां पीतांबरा माई के दर्शन की योजना बना रहे थे। शनिवार को पत्नी नीलम तिवारी, सास कुसुम लता, साढ़ू कानपुर के मानस विहार निवासी राकेश मिश्रा, उनकी पत्नी किरण मिश्रा, राकेश के सहयोगी सुरेश कुमार तिवारी के साथ दतिया गए थे। दर्शन करके आज सभी कानपुर लौट रहे थे।

हादसे में कुसुम लता और सुरेश कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। कुसुम लता का सिर धड़ से अलग हो गया। बाकी 4 घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां पर नीलम और किरण की भी मौत हो गई। फिलहाल, महेश चंद तिवारी और राकेश मिश्रा का इलाज चल रहा है। राकेश मिश्रा की हालत बेहद नाजुक है। उनको वेंटिलेटर पर रखा गया है। 

----------