देश-विदेश

छात्र के रिजल्ट में गलत कॉपी के जोड़े अंक, हिंदी में दी थी परीक्षा, अंग्रेजी माध्यम के छात्र के जोड़ दिए अंक

इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला बीएड चौथे सेमेस्टर के छात्र हेमराज दांगी का है, जिनके परिणाम में गलत कॉपी के अंक जोड़ दिए गए। इस गलती के कारण छात्र पिछले एक महीने से परेशान है।

राजस्थान शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर पा रहा _विश्वविद्यालय प्रशासन की इस गलती का नुकसान छात्र को इस समय इसलिए भी हो रहा है क्योंकि वह राजस्थान शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर पा रहा है। गलत परिणाम के चलते उसका आवेदन अटक गया है। हेमराज दांगी ने सितंबर में चौथे सेमेस्टर की परीक्षा दी थी।

दिखाई गई कॉपी अंग्रेजी माध्यम के छात्र की_अक्टूबर में आए रिजल्ट में उन्हें एजुकेशन टेक्निक विषय में सिर्फ 15 अंक मिले। अंक कम होने पर उन्होंने रिव्यू के लिए आवेदन किया और मूल्यांकन केंद्र अपनी कॉपी देखने पहुंचे। यहां उन्हें जो कॉपी दिखाई गई उसे देखकर हेमराज ने तुरंत आपत्ति जताई। उनका कहना था कि दिखाई गई कॉपी अंग्रेजी माध्यम के छात्र की है। जबकि उन्होंने यह पेपर हिंदी माध्यम से लिखा था।

खोजबीन के बाद असली कॉपी मिली_कर्मचारियों ने पहले उनकी आपत्ति नहीं मानी और कहा कि यही उनकी कॉपी है, लेकिन छात्र के लगातार आग्रह और तर्क देने के बाद दो घंटे की खोजबीन के बाद असली कॉपी मिली। जब हेमराज ने अपनी सही कॉपी देखी तो पाया कि उन्हें 30 अंक मिले थे। इससे साफ हो गया कि रिजल्ट में किसी दूसरे छात्र के अंक उनके नाम पर चढ़ा दिए गए थे।

 

----------