देश-विदेश

किसानों को खरीदे गए गेहूं की राशि का भुगतान यथा समय करें : मुख्यमंत्री

भोपाल। प्रदेश में गेहूँ खरीदी के बाद किसानों को राशि के भुगतान का कार्य विलंब न करने के निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को दिए है। उन्होंने कहा कि खरीदी केन्द्रों पर आवश्यक बैठक व्यवस्था और पेयजल प्रबंध भी होना चाहिए। खरीदे गए गेहूँ की सुरक्षा, तोल काँटे, हमाल की व्यवस्था, परिवहन कार्य और अनाज को गोदाम तक पहुंचाने का कार्य भी सुचारू रूप से किया जाए। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्जमाफी के चक्कर में जो किसान डिफाल्टर मान लिए गए थे, उनके ब्याज की राशि का भुगतान राज्य सरकार शीघ्र करेगी। प्रदेश में 17 मार्च के बाद और अप्रैल के प्रथम सप्ताह में हुई ओलावृष्टि से संबंधित सर्वे कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। राज्य शासन द्वारा राहत राशि के लिए नई दरों का निर्धारण भी किया गया है। उसके अनुसार ही किसानों के खातों में राशि का अंतरण शीघ्र किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियाँ अंतिम चरण में है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 10 से 25 मई की अवधि में प्रदेश में नामांतरण और बंटवारा के साथ सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का शिविर लगा कर समाधान किया जाएगा। यह कार्य गत वर्ष लगाए गए मुख्यमंत्री जन सेवा शिविर की तर्ज पर होगा। इसके लिए कलेक्टर्स आवश्यक तैयारियाँ प्रारंभ करें। शहरों में वार्ड स्तर और ग्राम पंचायतों में शिविर लगा कर जनता की समस्याओं को हल किया जाएगा।
 
----------