केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात: CM धामी ने किया 40 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण
2026-05-09 07:07 AM
16
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ धाम में 40 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण किया। उच्च हिमालयी क्षेत्र में तैयार इस अस्पताल से अब श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से निर्मित इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा मार्ग पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनसे लाखों मरीजों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना भी की। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।