अतीक—अशरफ की मौत के बाद... केंद्रीय मंत्री अनुराग का बड़ा बयान... विपक्ष पर जमकर किया हमला
2023-04-18 04:10 PM
320
उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की तीन युवकों ने पुलिस कस्टडी में ही उन्हें गोली मारकर ढ़ेर कर दिया। माफिया बन्धुओं को मौत के घाट उतारने वाले उन तीनों युवकों का मकसद जैसा भी रहा हो, लेकिन इस हमले को लेकर देश की राजनीति में खासा उबाल नजर आ रहा है। विपक्ष की हर कोशिश, योगी सरकार को कानूनी तौर पर कमजोर और भाजपा को नाकारा साबित करने की हो रही है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सभी विपक्षी दल पर जोरदार तरीके से हमला किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ने कहा कि यही माफिया वाले जब जनता पर, व्यापारियों पर प्रहार करते थे, मारते थे, वसूली करते थे तब इन नेताओं में से किसी को बोलते हुए नहीं सुना क्योंकि ये नेता इन्हीं माफियाओं के घर में जाकर चाय पीते थे, उनकी सरकार में इन माफियाओं को संरक्षण मिलता था। अब ये सवाल खड़ा होता है कि ये सब इनके(माफिया) लिए क्यों बोल रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अपराध चाहे किसी भी प्रकार का हो, उसे अंजाम देने वाले अपराधी ही होते हैं, उनके खिलाफ कानून है। पर शर्मनाक बात यह है कि कुछ लोग ऐसे अपराधियों, माफियाओं और गैंगस्टर्स को पनाह देकर उन्हें शह देते हैं। वही आगे चलकर अतीक, अशरफ और गुडडू जैसे लोग बन जाते हैं, जिससे समाज और देश हलाकान होता है।