नैनीताल। मनोरा रेंज के ज्योली गांव में बाघ/गुलदार के हमले में एक महिला की मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय हेमा पांडे बुधवार सुबह करीब 9 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। उनके साथ गांव की दो अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। कुछ समय बाद जब हेमा पांडे का संपर्क नहीं हुआ तो साथ गई महिलाएं घबराकर गांव लौटीं और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, बाघ या गुलदार ने हमला कर उन्हें अपना शिकार बनाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे पहले भी मोरा गांव में इसी तरह के हमले में एक महिला की जान जा चुकी है, जिसके बाद एक बाघ को पकड़कर आदमखोर घोषित किया गया था।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आदमखोर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। घटना के बाद गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।