देश-विदेश

NDA से पहली बार 14 महिला कैडेट बनीं आर्मी और एयरफोर्स अधिकारी, 746 कैडेट्स को मिला कमीशन

डेस्क। भारतीय सशस्त्र बलों के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 14 महिला कैडेट्स भारतीय सेना और वायुसेना में अधिकारी बनी हैं। देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री अकादमी (IMA) और हैदराबाद की एयर फोर्स अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद इन कैडेट्स को कमीशन प्रदान किया गया।

NDA में महिलाओं की एंट्री सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वर्ष 2022 में शुरू हुई थी। इसके बाद यह पहला बैच है, जिसकी महिला कैडेट्स अब भारतीय सेना और वायुसेना का हिस्सा बनी हैं। देहरादून के IMA से 9 महिला कैडेट भारतीय थलसेना में अधिकारी बनीं, जबकि हैदराबाद के डुंडीगल एयर फोर्स अकादमी से 5 महिला कैडेट भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में कमीशन हुईं।

इस अवसर पर देहरादून और हैदराबाद में आयोजित पासिंग आउट परेड में कुल 746 कैडेट्स को कमीशन मिला। इनमें IMA से 515 कैडेट और एयर फोर्स अकादमी से 231 फ्लाइट कैडेट शामिल हैं। IMA के 515 कैडेट्स में 16 देशों के 34 विदेशी कैडेट भी शामिल रहे।

देहरादून में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और परेड की सलामी ली। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया। वहीं हैदराबाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया और फ्लाइट कैडेट्स को सम्मान प्रदान किया।

महिला कैडेट्स के इस पहले बैच के कमीशन होने को भारतीय सेना और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। यह उपलब्धि देश की बेटियों के लिए नई प्रेरणा बनकर उभरी है और रक्षा सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक भी है।

----------