75 लाख के नकली डेट वाले फूड प्रोडक्ट जब्त Maggi Lays Kurkure समेत कई ब्रांड शामिल
2026-09-01 07:44 AM
10
मुंबई: बच्चों के पसंदीदा स्नैक्स और पैकेट फूड को लेकर महाराष्ट्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नवी मुंबई में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और पुलिस क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में कथित तौर पर ऐसा रैकेट पकड़ा गया है, जिसमें पैकेट पर लिखी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदलकर खाद्य पदार्थों को दोबारा बेचने की तैयारी की जा रही थी।
जांच के दौरान अधिकारियों ने कई नामी ब्रांड के प्रोडक्ट जब्त किए हैं, जिनमें Maggi, Lays, Kurkure, Knorr, Rasoi, Hellmann’s, Thums Up और Limca जैसे उत्पाद शामिल हैं। अधिकारियों का आरोप है कि पुराने पैकेटों पर लगी तारीखों को मिटाकर नई तारीखें छापी जा रही थीं और फिर उन्हें बाजार में भेजने की तैयारी थी।
ऐसे चल रहा था कथित गोरखधंधा
महाराष्ट्र FDA के मुताबिक, नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में स्थित एक पैकेजिंग यूनिट पर कार्रवाई की गई। यहां जांच के दौरान अधिकारियों को इंकजेट प्रिंटर, थिनर और विशेष स्टिकर मिले, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर पुराने लेबल और तारीखों को बदलने के लिए किया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि कुछ उत्पादों पर लगे सामग्री और पोषण संबंधी जानकारी वाले लेबल भी हटाकर नए स्टिकर लगाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद सामान को दोबारा पैक कर बिक्री और निर्यात के लिए तैयार किया जा रहा था।
75 लाख रुपये से ज्यादा का सामान जब्त
FDA की कार्रवाई में करीब 8,442 कार्टन जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 75 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। इसके अलावा कुछ बिना लेबल वाले और एक्सपायर्ड उत्पाद भी बरामद किए गए हैं। मामले में संबंधित फर्म का लाइसेंस निलंबित कर जांच शुरू कर दी गई है।
बच्चों के लिए खरीदारी करते समय रखें ध्यान
फूड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पैकेट वाले खाद्य पदार्थ खरीदते समय हमेशा मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और पैकेट की सील जरूर जांचनी चाहिए। अगर पैकेट पर तारीख धुंधली लगे, स्टिकर अलग दिखाई दे या पैकेट से छेड़छाड़ नजर आए तो ऐसे उत्पाद खरीदने से बचना चाहिए। पैकेट फूड खासकर बच्चों को देने से पहले उसकी गुणवत्ता और वैधता जांचना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक्सपायरी या खराब सामान से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।