देश-विदेश

देश के लोकतंत्र को सुरक्षित और सशक्त बनाने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नेपुलिस स्मृति दिवस पर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लाल परेड स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्मारक को सलामी दी तथा पुष्प-चक्र अर्पित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल आगमन पर परेड द्वारा जनरल सैल्यूट से उनका अभिवादन किया गया तथा बैंड द्वारा सलामी धुन का वादन किया गया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूचिका प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची का स्मारक कोष में संस्थापन किया गया, स्मारक को सलामी दी गई तथा बिगुलर द्वारा लास्ट पोस्ट धुन बजाई गई। समस्त उपस्थित महानुभाव ने खड़े हो कर सम्मान प्रकट किया। इसके बाद परेड द्वारा स्मारक को सलामी दी गई। इस अवसर पर भोपाल की महापौर  मालती राय, मुख्‍य सचिव  अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव  संजय शुक्ला, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस और सशस्त्र बलों का हमेशा विशेष महत्व रहा है। हमारी सनातन संस्कृति में शस्त्र धारण करने का अर्थ केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना है। इस दृष्टि से पुलिस स्मृति दिवस का यह अवसर और भी अधिक सार्थक हो जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने में हमारे पुलिस बल और सशस्त्र बलों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। लाल चौक से लेकर लाल किले की प्राचीर तक लहराता तिरंगा आज पूरे देश और दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, सामर्थ्य और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। यह ध्वज हमारे वीर जवानों, उनके अदम्य साहस और अमर बलिदान की गाथा को भी अभिव्यक्त करता है। आज जब पूरी दुनिया उथल-पुथल और अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है, तब भी भारत का लोकतंत्र सुरक्षित और सशक्त है। इसमें हमारे सशस्त्र बलों और पुलिस बल की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए उनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीदों को नमन कर देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे सभी पुलिसकर्मियों एवं सशस्त्र बलों के जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

----------