देश-विदेश

उपराष्ट्रपति ने संविधान दिवस के अवसर पर भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों का सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में विमोचन किया

 दिल्ली  : उपराष्ट्रपति  सी. पी. राधाकृष्णन ने आज संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों का सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में विमोचन किया।

उपराष्ट्रपति ने इस अवसर को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक पड़ाव बताते हुए कहा कि संविधान को सभी अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध कराना भारत की भाषाई विविधता और लोकतांत्रिक समावेशिता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में संविधान की उपलब्धता से नागरिक शासन व्यवस्था, अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

 सी. पी. राधाकृष्णन ने संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संविधान केवल एक कानूनी ढांचा नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवंत आत्मा है। उन्होंने केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम के संविधान को आम जनता के और करीब लाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये प्रयास भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की भाषाओं और ज्ञान परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए की गई पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'ज्ञान भारतम' और 'काशी तमिल संगमम' भारत की सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

----------