सावन—भादो में 19 साल बाद बन रहा महायोग... महाकाल की निकलेंगी 10 सवारियां... सावन में अधिक मास
2023-05-07 04:26 PM
606
महाकाल के भक्तों के लिए इस साल श्रावण और भादो के महीने बहुत खास हैं। इस बार उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से भोलेनाथ की 10 सवारियां नगर भ्रमण पर निकलेंगी। इसके अलावा साल 2023 में श्रावण का अधिक मास भी है। यह संयोग 19 साल बाद आया है। खास बात यह भी है कि बाबा महाकाल की 7वीं सवारी 21 अगस्त को नागपंचमी के दिन निकलेगी। वहीं, 8वीं सवारी 28 अगस्त को निकलेगी। इस दिन सोम प्रदोष है। पर्व विशेष होने से इन मौकों पर महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
3 जुलाई को गुरू पूर्णिमा है और 4 जुलाई से श्रावण मास प्रारंभ हो रहा है। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से श्रावण-भादो के महीनों में बाबा महाकाल प्रजा को दर्शन देने के लिए चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलते हैं। हर साल उनकी 6 से 7 सवारियां निकलती हैं, लेकिन इस बार अधिक मास का संयोग होने के कारण 10 सवारियां निकाली जाएंगी। महाकाल मंदिर के पुजारियों के अनुसार, 19 साल पहले श्रावण में अधिक मास का संयोग बना था, तब भी महाकाल की 10 सवारियां नगर भ्रमण पर निकली थीं।
श्रावण-भादो के महीनों में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब श्री महाकाल महालोक निर्माण के बाद से प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या 1 से 1.50 लाख पर पहुंच गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार श्रावण में अधिक मास का संयोग होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे।