मुख्यमंत्री मोहन यादव छत्तीसगढ़ पहुंचे, रायपुर एयरपोर्ट पर वित्तमंत्री ने किया स्वागत
रायपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एकदिवसीय दौरे के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे। छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव के रायपुर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित अन्य जनप्रातिनिधियों ने भी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने दौरे के तहत राजधानी रायपुर में मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इस संबंध में रायपुर लोकसभा के सहप्रभारी अशोक बजाज ने तैयारियों का जायजा लिया और सभी प्रमुख पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन के संबंध में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी। लोकसभा के चुनावी समर में जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ कैसे बनाएं, इस पर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।