अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ के डिजिटल इनोवेशन बोर्ड का सह-अध्यक्ष बना भारत
नईदिल्ली। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने 18-20 मार्च, 2024 तक अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठकों की एक श्रृंखला का आयोजन करने के लिए जिनेवा में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। यह यात्रा दूरसंचार तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने और अभिनव पहलों का पता लगाने पर केंद्रित थी। इस यात्रा की मुख्य विशेषताओं में शामिल हैं।
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सचिव डॉ. नीरज मित्तल को सर्वसम्मति से डिजिटल विकास के लिए नवाचार एवं उद्यमिता गठबंधन के तत्वावधान में गठित आईटीयू के डिजिटल इनोवेशन बोर्ड का सह-अध्यक्ष चुना गया। डिजिटल इनोवेशन बोर्ड में एशिया, यूरोप, अफ्रीका, उत्तरी और दक्षिण अमेरिका में आईटीयू के 23 सदस्य देशों के दूरसंचार/आईसीटी मंत्री और उपमंत्री शामिल हैं।
अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) ने नवाचार के क्षेत्र में आईटीयू सदस्यता की महत्वपूर्ण अधूरी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डिजिटल विकास हेतु नवाचार एवं उद्यमिता गठबंधन शुरू किया है, जैसा कि विश्व दूरसंचार विकास सम्मेलन 2022 (डब्ल्यूटीडीसी-22) में अपनाई गई किगाली कार्य योजना और आईटीयू पूर्णाधिकार सम्मेलन 2022 (पीपी-22) के परिणामों में व्यक्त किया गया था।
इस गठबंधन ने डिजिटल इनोवेशन बोर्ड की स्थापना की है जिससे सभी के लिए ज्यादा समावेशी एवं न्यायसंगत डिजिटल भविष्य तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानीय समर्थकों का निर्माण करने एवं डिजिटल विकास में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले अपने अभियान को रणनीतिक मार्गदर्शन, विशेषज्ञता और समर्थन प्रदान किया जा सके।