देश-विदेश

महादेव एप से सट्टा : गोवा व कोलकाता से 10 सटोरिए अरेस्ट, करोड़ों की सट्टा-पट्टी भी मिली

रायपुर |  ईओडब्ल्यू/एसीबी व रायपुर की साइबर सेल ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गोवा व कोलकाता से कुल 10 सटोरियों को अरेस्ट किया है | ये महादेव के रेडी अन्ना एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे | सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा |  

छत्तीसगढ़ के भिलाई से शुरू हुए इस अवैध कारोबार का लिंक अब देश के अलग-अलग शहरों में कोने कोने तक फैल चुका है | इसके प्रमुख आरोपियों की तलाश करने के बाद भी इस एप का विस्तार होता जा रहा है और नए-नए लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं | ये देश के अलग-अलग शहरों में ब्रांच संचालित करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं | 

इसी कड़ी में रायपुर की साइबर सेल को पता चला कि कोलकाता के 24 परगना जिले में न्यूटाउन गोलाबारी इलाके के एक फ्लैट में ऑनलाइन सट्टा संचालित हो रहा है | इसके बाद रायपुर की टीम को वहां रवाना किया गया | संबंधित फ्लैट में दबिश देकर मास्टरमाइंड के प्रमुख सहयोगियों में से एक प्रकाश वाधवानी उर्फ प्रकाश सिंधी समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर रायपुर लाया जा रहा है | 

इनमें से 3 छत्तीसगढ़ के निवासी हैं तो बाक‍ियाें में से 3 जबलपुर एमपी के, 1-1 राजस्थान व बिहार के रहने वाले हैं | इन सभी को रायपुर लाया गया है | इसी तरह एसीबी ने गोवा से भिलाई निवासी रितेश यादव के साथ ही एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है | इन सभी के पास से कई सेट मोबाइल, सिम कार्ड व नगदी सहित, दूसरे सामान बरामद किए गए हैं | 

----------