देश-विदेश

नन्हीं नैनेश्वरी की नर्मदा भक्ति और आस्था हर किसी को हैरान कर, अभी तक तय कर चुकी 3 हजार किमी की दूरी

डेस्क | नन्हीं नैनेश्वरी की नर्मदा भक्ति और आस्था हर किसी को हैरान कर रही है | खेलने - कूदने की उम्र में प्रतिदिन 30 से 40 किमी पैदल चलकर नर्मदा परिक्रमा कर रही 5 वर्षीय मासूम लगभग 3 हजार किमी का सफर पूरा कर चुकी है और अभी उसकी यात्रा में 750 किमी की शेष है | 

महाराष्ट्र के नासिक जिले की 5 वर्षीय नन्ही नैनेश्वरी नर्मदापुरम जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है | छोटी सी उम्र में पहाड़ उठाने जैसा संकल्प को पूरा करने नर्मदा परिक्रमा के लिए अपने माता-पिता के साथ मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा के लिए निकली नन्हीं नैनेश्वरी सोमवार को जिले की सिवनी मालवा तहसील स्थित नर्मदा मंदिर पहुंच गई | 

नन्ही नैनेश्वरी बताती है कि पिछले साल उसके पिता नर्मदा परिक्रमा पर निकले थे, जिसके बाद उसने त्रयम्बकेश्वर में भगवान भोलेनाथ से पिता की सलामती की कामना की थी | पिता के सही सलामत नर्मदा परिक्रमा करके घर वापस आने पर नैनेश्वरी ने नर्मदा परिक्रमा करने का संकल्प लिया था, इसके बाद नैनेश्वरी नर्मदा परिक्रमा करने के लिए निकल पड़ी | 

नैनेश्वरी की मां पूजा और पिता वालू दामू बताते हैं कि ओंकारेश्वर से उन्होंने परिक्रमा प्रारंभ की थी, जिसे पूरे  6 माह पूर्ण हो गए | उन्होंने बताया कि छोटी बच्ची के साथ परिक्रमा करने में बहुत मजा आ रहा है | नैनेश्वरी के पैरेंट्स ने बताया कि, हम थक जाते हैं, लेकिन बच्ची नहीं थकती है, उसका उत्साह दिनों दिन बढ़ता जा रहा है | 

गौरतलब है रोजाना अनेकों लोग नर्मदा परिक्रमा के लिए नर्मदा पुरम  से गुजरते हैं, लेकिन नन्ही नैनेश्वरी की श्रद्धा-भक्ति देखते ही बनती है | नर्मदापुरम से गुजर रही नैनेश्वरी की मां नर्मदा की भक्ति को देखकर सभी हैरान रह जाते हैं | छोटी सी उम्र में कठिन साधना कर नैनेश्वरी अंतिम पड़ाव पर हैं | 

----------