देश-विदेश

अब महिलाओं को मिला अपनी पसंद की सीट चुनने अधिकार, इंडिगो एयरलाइंस

नई दिल्ली | इंडिगो एयरलाइंस ने एक नया फीचर महिला यात्रियों के लिए पेश किया है, जिसके तहत महिला यात्रियों को अपनी पसंद की सीट चुनने का विकल्प मिलेगा। महिला यात्री अब वेब चेक-इन पर यह पता कर सकेंगी कि किस सीट को पहले से ही आरक्षित किया जा चुका है और किसे नहीं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला यात्रियों के लिए हवाई यात्रा को और सुरक्षित और आरामदायक बनाना है।

इस तरह की सुविधा विशेष रूप से महिला यात्रियों के यात्री नाम रिकॉर्ड (पीएनआर) के लिए तैयार की गई है। जिसमें अकेले यात्रा कर रही महिलाओं और अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही महिलाओं के लिए भी यह सुविधा मिलेगी। इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि इंडिगो को एक नई सुविधा की शुरुआत करते हुए बहुत ही गर्व महसूस हो रहा है। इस सुविधा का उद्देश्य हमारी महिला यात्रियों के लिए यात्रा के अनुभव को और अधिक आरामदायक बनाना है। इसे बाजार की रिसर्च के बाद तैयार किया गया है और इसे पायलट मोड में लागू किया गया है।

इंडिगा ने कहा कि अपने सभी यात्रियों को एक अद्वितीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और यह नई सुविधा उसी लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में हमारे द्वारा उठाए जा रहे प्रयासों में से ही एक है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने हाल ही में इस साल से अपने विमानों में बिजनेस श्रेणी उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया है। इंडिगो अपनी स्थापना की 18वीं वर्षगांठ पर अगस्त में अपनी भविष्य की योजना का खुलासा भी करेगी। कंपनी ने 30 चौड़े आकार वाले विमान खरीदने की योजना का भी बीते दिनों ऐलान किया था। इंडिगो एयरलाइंस में अभी सिर्फ इकॉनोमी क्लास है और इसके बेड़े में 360 विमान हैं और यह रोजाना लगभग 2000 से ज्यादा उड़ानों का संचालन करती है। 

----------