राजधानी रायपुर में विशाल देहदान, अंगदान एवं नेत्रदान का आयोजन जल्द
रायपुर। आपकी आँखें किसी को रोशनी दे सकती हैं, और आपका शरीर किसी को नई ज़िंदगी देने का माध्यम बन सकता है। नेत्रदान और देहदान ऐसा महान कार्य है, जो न केवल किसी एक व्यक्ति का जीवन बदल सकता है, बल्कि पूरे समाज को एक नई दिशा देने की क्षमता रखता है। रायपुर ब्राइट फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के सौजन्य से राजधानी रायपुर में विशाल देहदान, अंगदान और नेत्रदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
रायपुर ब्राइट फाउंडेशन के अध्यक्ष और रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप गोविंद शितूत ने कहा कि आज हमारे समाज में अनेक लोग हैं जो अंधकार में जी रहे हैं। ऐसे में आपकी दी गई दृष्टि, उनके जीवन में उजाला भर सकती है। नेत्रदान से न सिर्फ़ एक व्यक्ति को दृष्टि मिलती है, बल्कि उसका परिवार और समाज भी एक नई आशा से भर जाता है।
इसी प्रकार, देहदान से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा मिलता है। यह मेडिकल छात्रों की पढ़ाई में मदद करता है और चिकित्सा के क्षेत्र में नई खोजों एवं प्रक्रियाओं को जन्म देता है। देहदान, मानवता की सेवा का सर्वोच्च रूप है, जो समाज के लिए एक अमूल्य योगदान बनता है।
आइए, हम सब मिलकर इस महादान का संकल्प लें और अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। मरणोपरांत देहदान कर हम किसी को जीवनदान दे सकते हैं – यह मानव जीवन का सबसे पवित्र योगदान हो सकता है। इस शिविर का आयोजन राजधानी रायपुर में जल्द किया जाएगा। जिसकी सूचना समय पूर्व दी जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मो. 9424202244 में संपर्क किया जा सकता है।