रायपुर

भारतमाला परियोजना में अनियमितताओं पर सख्त रुख: रायपुर संभाग आयुक्त कावरे ने ली अहम बैठक, मुआवजा मामलों की होगी दोबारा जांच

 रायपुर । रायपुर संभाग आयुक्त कावरे ने एक महत्वपूर्ण बैठक ली जिसमें रायपुर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में भारतमाला परियोजना में सामने आई गड़बड़ियोंगिरते जल स्तर, और नवीन कानूनी दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में हुए घोटाले के मद्देनज़र इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। आयुक्त कावरे ने कहा कि परियोजना से जुड़े मुआवजा वितरण में आई अनियमितताओं की हर स्तर से जांच की जा रही है, और जिन लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिला है, उनकी शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।

 

इसके साथ ही, परियोजना से जुड़े मामलों की जांच एसीबी (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) द्वारा की जा रही है। कावरे ने स्पष्ट किया कि यदि मुआवजा वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है या किसी व्यक्ति को कम मुआवजा दिया गया है, तो उसकी भी जांच की जाएगी

गिरफ्तारी या अन्य आपराधिक कार्रवाइयों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी एसीबी द्वारा ही दी जाएगी।

बैठक में अन्य मुद्दों के अलावा गिरते भूजल स्तर को लेकर भी चिंता जताई गई और इससे निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन को जल संरक्षण एवं प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।