रायपुर

मौसमः बस्तर में रेड तो रायपुर में येलो अलर्ट.. चार दिनों तक होगी भारी बारिश

रायपुर। प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में दो-तीन दिन बाद मंगलवार सुबह बारिश हुई। जिसके चलते गर्मी और उमस से परेशान लोगों को सुबह थोड़ी रहात मिली। दोपहर में निकली धूप से लोग हलाकान भी रहे। इन सब के बीच रायपुर मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

रायपुर मौसम विभाग की जारी चेतावनी के अनुसार प्रदेश के सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर, कोण्डागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद में भारी बारिश के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान चल सकती है। वहीं राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, सरगुजा, जशपुर के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर में सुबह 10 बजे से करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई। राजधानी के सभी इलाकों में हुई झमाझम बारिश के चलते नालों का गंदा पानी सड़कों तक पहुंच गया और निगम के सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। एक घंटे की बारिश में राजधानी की कई सड़कें जलमग्न नजर आई।