15 अगस्त से भरे जाएंगे महतारी वंदन योजना के फॉर्म
2025-08-13 01:47 PM
177
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए फिर से फार्म भरने की प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू होगी, जिससे पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई महिलाएं अब इसका लाभ ले सकेंगी। 15 अगस्त से एक बार फिर से इस योजना के लिए फार्म भरे जाएंगे और इसकी शुरुआत बस्तर जिले से होगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे उन्हें घरेलू जरूरतों में मदद मिल सके।
मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर संभाग के नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की छूटी हुई महिलाओं को भी अब इस योजना में शामिल किया जाएगा। आवेदन की प्रक्रिया 15 से 31 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर तक सेक्टर से लेकर जिला स्तर पर आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा, ताकि पात्रता तय होने के बाद लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक पीएस एल्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 23 जुलाई को विभागीय समीक्षा बैठक में इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। सत्यापन के बाद 16 से 25 सितंबर तक सभी आवेदनों को वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस बार कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित नहीं रहेगी।
आवेदन वर्ष की 1 जनवरी को आयु 21 वर्ष या उससे अधिक हो। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिलाएं भी पात्र हैं।