रायपुर

चार साल से फरार डकैती का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस अभिरक्षा से 2 बार हो चुका था फरार

रायपुर पुलिस ने एक लंबे समय से फरार चल रहे डकैती और लूट के आरोपी को आखिरकार दबोच लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी धनीराम घृतलहरे करीब 4 साल से फरार था। उस पर रायपुर और महासमुंद में शराब दुकानों में डकैती समेत लूट और फरारी के कुल 5 गंभीर मामले दर्ज हैं। खास बात यह है कि आरोपी दो बार पुलिस अभिरक्षा से भी भाग चुका है।

साल 2021 में धनीराम डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से भागा था और दूसरी बार तिल्दा-नेवरा से रायपुर लाते वक्त हथकड़ी सहित फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था।

एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान भागने की कोशिश में उसके पैरों में चोट भी आई है।आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसके पुराने मामलों की जांच तेज करेगी।