रायपुर

बेबीलोन टॉवर में लगी भीषण आग, 40 से अधिक लोग रेस्टोरेंट से सुरक्षित निकाले गए

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा VIP तिराहे के पास स्थित बेबीलोन टॉवर में मंगलवार रात करीब 9:15 बजे अचानक आग लग गई। आग भवन के दूसरे मंजिल में लगी, जिसकी वजह से ऊपर स्थित रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे 40 से अधिक लोग फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। धुआं फैलने से अंदर फंसे लोग कांच तोड़कर कूदने की तैयारी में थे, लेकिन बचाव दल समय रहते वहां पहुंचा और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और कलेक्टर गौरव सिंह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। राजधानी और एयरपोर्ट से फायर ब्रिगेड की टीम ने मिलकर आग पर काबू पाया। आगजनी की गंभीरता को देखते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र से भी फायर ब्रिगेड भेजने की तैयारी की गई थी।
 
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग सुरक्षित हैं।