रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर का परिसर शुक्रवार की शाम पारंपरिक रंगों, संगीत और उल्लास से गूंज उठा। नवरात्रि के उपलक्ष्य में संस्थान के डांस क्लब ‘नृत्यम’ द्वारा भव्य गरबा संध्या ‘रंगतारी’ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ ही संकाय सदस्य और परिवारजन भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एनआईटी रायपुर की निदेशक (प्रभारी) डॉ. (श्रीमती) ए. बी. सोनी रहीं। इस अवसर पर डीन (छात्र कल्याण) डॉ. मनोज कुमार चोपकर, सांस्कृतिक समिति के प्रोफेसर इन-चार्ज डॉ. सुवेन्दु रूप एवं डॉ. मोक्षा सिंह, नृत्यम क्लब की फैकल्टी इन-चार्ज डॉ. अनिल मांझी और डॉ. श्रुति एस. नागदेवे सहित संकाय सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों को पौधा भेंटकर सम्मानित करने से हुई। इसके पश्चात् माता दुर्गा की आराधना के साथ गरबा संध्या का शुभारंभ हुआ। नृत्यम क्लब के सदस्यों ने बॉली गरबा और सालसा गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया।
इसके बाद गरबा संध्या सबके लिए खुली रही और छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक घाघरा-चोली और केडिया परिधान में केसरियो, धौलीड़ा और नगाड़ों संग ढोल बाजे जैसे लोकप्रिय गीतों की धुन पर जमकर गरबा किया।
पूरे कार्यक्रम ने नवरात्रि के उत्सव को और अधिक रंगीन व ऊर्जावान बना दिया। संगीत, नृत्य और परंपरा के संगम से सजी यह शाम प्रतिभागियों की ऊर्जा और उल्लास के साथ देर रात तक गूंजती रही।