दिव्य महाराष्ट्र मंडल

वरिष्‍ठ नागरिकों का स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण किया गया सियान गुड़ी में

0- मनोरंजन के विभिन्‍न साधनों के साथ खूब एंजॉय कर रहे बुजुर्ग

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के सियान गुड़ी में बुधवार को वरिष्‍ठ नागरिकों का स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण किया गया। मंडल के फिजियोथैरपी सेंटर की डॉ. अंकिता काले और जनरल प्रेक्टिशनर एमबीबीएस डॉक्टर गोविंद खंडेलवाल ने ऐसे बुजुर्गों को सेहत से संबंधित जरूरी मार्गदर्शन भी दिए, जिनके बीपी, शुगर असामान्‍य थे।
समता कॉलोनी स्थ‍ित मंडल के पुनर्निर्मित दिव्‍यांग बालिका विकास गृह में 28 दिसंबर को शुरू हुए छत्‍तीसगढ़ के पहले सियान गुड़ी में शासकीय निर्देशों का पालन किया जा रहा है। इसी निर्देशानुसार बुजुर्गों के लिए नियमित स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण किए जाने के साथ- साथ वरिष्‍ठ नागरिकों के लिए नियमित प्रार्थना, योग, विभिन्‍न विषयों पर चर्चा, आध्‍यात्मिक वार्ता, पत्र- पत्रिका वाचन, कैरम- लुडो- शतरंज सहित विविध खेलों के अलावा टीवी के माध्‍यम से मनोरंजन करने की भी सुविधा है। 
सियान गुड़ी के प्रभारी श्‍याम सुंदर खंगन ने बताया कि यहां आने वाले वरिष्ठ नागरिकों की संख्‍या क्रमश: बढ़ रही है। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यहां पहुंचने वाले सियान आपस में एक- दूसरे से घुलने- मिलने लगे हैं। सुबह अखबार- पत्रिका की उपलब्‍धता के कारण ज्‍यादातर लोगों का यहां मन लगा रहता है। बड़ी बात यह है कि महाराष्‍ट्र मंडल के आस्था काले, दीपक पात्रीकर, मालती मिश्रा, जेएस उरकुरकर, दिव्‍या पात्रीकर, प्रशांत देशपांडे, अनिल श्रीराम कालेले सहित अनेक सेवाभावी पदाधिकारी व सभासद विभिन्‍न सत्रों में सियान गुड़ी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।