हाईक्लोरिक एसिड टैंकर का वाल्व फटा, सड़क पर फैला एसिड, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला हादसा
2025-10-25 12:04 PM
33
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हाईक्लोरिक एसिड से भरे एक टैंकर का प्रेशर वाल्व अचानक फट गया, जिससे टैंकर में भरा खतरनाक एसिड सड़क पर फैल गया। इस घटना से कुछ देर के लिए आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसिड के फैलाव को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर रासायनिक सुरक्षा उपाय अपनाए गए। टीम ने तत्काल टैंकर के प्रेशर वाल्व को ठीक किया और टैंकर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सड़क पर फैले एसिड को निष्प्रभावी करने के लिए चूना और पानी का छिड़काव किया, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और स्थिति को समय रहते पूरी तरह काबू में कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी अचानक वाल्व में तेज आवाज के साथ गैस और एसिड का रिसाव शुरू हो गया।फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और टैंकर चालक से पूछताछ की जा रही है कि टैंकर की सुरक्षा जांच कब की गई थी और वाल्व फटने की असल वजह क्या थी।