रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत के संकेत दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर जनता की चिंता से अवगत है और इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। संभव है कि जल्द ही उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बड़ी राहत मिल सकती है।
बता दें, मुख्यमंत्री साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया था। इस दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उनसे बातचीत के दौरान बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर दिलाया कि बिजली बिल हाफ योजना में हाल ही में किए गए संशोधन के बाद उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है और कई परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस समस्या की पूरी जानकारी है और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा हमेशा जनता को राहत देने की रही है और बिजली बिलों को लेकर जो भी निर्णय होगा, वह उपभोक्ताओं के हित में ही होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्यघर योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकारें उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। इसी के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने कुछ माह पहले बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव किया था। पहले यह योजना उन उपभोक्ताओं को मिलती थी जो 400 यूनिट तक बिजली का उपयोग करते थे, लेकिन बाद में सरकार ने इस सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था।
इस फैसले के बाद से ही राज्य के लाखों घरेलू उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ा था। कई सामाजिक संगठनों और विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से सीमा पुन: बढ़ाने की मांग की थी। अब मुख्यमंत्री के इस ताजा बयान से उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी है कि राज्य सरकार जल्द ही सीमा बढ़ाकर 200 यूनिट तक कर सकती है।