रायपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला है।

नवा रायपुर में बने भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन के लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा : आज का दिन स्वर्णिम और सुखद दिन है। छत्तीसगढ़ से मेरा आत्मीय नाता है, इस भूमि ने मेरे जीवन को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण का साक्षी रहना उनके लिए गर्व की बात है और रजत जयंती वर्ष पर यहां उपस्थित होना सौभाग्य की अनुभूति देता है।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर संविधान सभा के सदस्यों, रवीशंकर शुक्ल और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और कहा : अटल जी को नमन करते हुए राज्य निर्माण का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह नया विधानसभा भवन नीति, नियति और नीतिकारों का केंद्र बनेगा।

मोदी ने मुरिया दरबार की परंपरा को याद करते हुए कहा – “जैसे पहले मुरिया दरबार आम लोगों की संसद थी, वैसे ही इस नए भवन में भी जनता की आवाज गूंजती रहेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की भी तारीफ की। उन्होंने कहा क्रिकेट में कैप्टन खेल छोड़ देता है, पर राजनीति में डॉ रमन सिंह उसका अपवाद हैं कभी कप्तान थे, आज खिलाड़ी बनकर टीम के लिए काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि 2000 में जब राज्य की स्थापना हुई थी, तब पहली विधानसभा बैठक सीमित संसाधनों के बीच राजकुमार कॉलेज में हुई थी, लेकिन तब सपनों की कोई सीमा नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नया विधानसभा भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की मेहनत, जन आकांक्षा और गौरव का प्रतीक है।