कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत... आक्रोशितों ने किया चक्काजाम
रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। माढ़र-टेकारी रोड पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक का नाम कुश साहू बताया जा रहा है, जो टेकारी गांव का रहने वाला था। वह रोज़ाना की तरह दूध बेचने जा रहा था, तभी माढ़र-टेकारी रोड पर तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।