रायपुर

वृंदावन हाल में पं. विष्णु कृष्ण जोशी जयंती समारोह 22 नवंबर को

रायपुर। महाकोशन संगीत समिति बूढ़ापारा द्वारा शनिवार, 22 नवंबर को सिविल लाइन स्थित वृंदावन हाल में शाम 6.30 बजे से पं. विष्णु कृष्ण जोशी जयंती समारोह पर रागदारी महफ़िल का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर समिति की ओर से राज्य अलंकरण चक्रधर सम्मान 2025 से सम्मानित कीर्ति व्यास का सम्मान किया जाएगा।

महाकोशन संगीत समिति के संरक्षक डा. विजय वि. जोशी ने बताया कि इस अवसर पर मुंबई की ज़ुई धायगुड़े पांडे का गायन कार्यक्रम होगा। जिन्हें तबला में तालमणि अशोक कुर्म रायपुर और हारमोनियम में संदीप बोकिलवार भिलाई संगत देंगे। इस अवसर पर मोऊ गुप्ता के निर्देशन में श्रीराम संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गुरू वंदना और स्तवन की प्रस्तुति दी जाएगी।

बताते चले कि 24 नवंबर 1919 को बनारस में जन्मे पं. विष्णु कृष्ण जोशी अपना संपूर्ण जीवन संगीत को समर्पित किया। 1937 में श्रीराम संगीत महाविद्यालय की स्थापना की। वे महाकोशल संगीत समिति के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे। महाराष्ट्र मंडल रायपुर, म्यूजिक सर्किल भोपाल, गुरवंदना महोत्सव समिति भोपाल, द्वारा उनका सम्मान भी किया गया। वे इंदिरा कला संगीत विवि खैरागढ़ में मान्य प्रोफेसर और संकायाध्यक्ष भी रहे। संगीत विवि ने अपने संगीत संकाय भवन का नाम पं. विष्णु कृष्ण जोशी के नाम पर रखने के साथ उनके सांगीतिक अवदान को अपने पाठ्यक्रम में शामिल भी किया।