विश्व एड्स दिवस पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
रायपुर। डॉ राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब एवं रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य डॉ प्रीति मिश्रा के मार्गदर्शन में विश्व एड्स दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य सोसायटी रायपुर तथा जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के टिकेश्वर तारक एवं शारदा सोनी उपस्थित रही। टिकेश्वर तारक ने एचआईवी एवं एड्स में अंतर बताते हुए छात्राओं को इस रोग के प्रति जानकारी प्रदान की।
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने एचआईवी की रोकथाम एवं एड्स जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। आम लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से महाविद्यालय, बस स्टैंड एवं मठपुरेना चौक पर नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित किया गया, जिसका विषय था व्यवधानों पर विजय पाए, एड्स के प्रतिक्रिया में सकारात्मक बदलाव लाएं जिसमें प्रथम स्थान दीक्षा देवांगन एमए प्रथम सेमेस्टर हिंदी, द्वितीय स्थान लीना साहू एमए प्रथम सेमेस्टर तथा तृतीय स्थान पुलकित देवांगन बीए तृतीय वर्ष एवं सांत्वना पुरस्कार छोटी यादव को प्राप्त हुआ।
पोस्टर प्रतियोगिता का निर्णायक डॉ रूपा सल्होत्रा, डॉ भूपेंद्र कुमार साहू एवं डॉ ज्योति जैन थे। विजयी छात्राओं को जिला स्वास्थ्य सोसायटी रायपुर द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशा बारले द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ.निधि गुप्ता द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ श्वेता अग्निवंशी प्रभारी यूथ रेट क्रॉस का सहयोग रहा। उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ विनोद कुमार जोशी एवं डॉ.मनीषा शर्मा सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या छात्राएं उपस्थित रहीं।