संत श्री गजानन महाराज का प्रगट दिवस महोत्सव 8 फरवरी को
रायपुर। संत श्री गजानन महाराज (शेगांव) संस्थान तात्यापारा चौक रायपुर द्वारा संतश्री का प्रगट दिवस महोत्सव 8 फरवरी को मनाया जाएगा। छह दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 5 फरवरी को होगा। इस दौरान प्रतिदिन सहस्त्राभिषेक, पूजा-अर्चना, महाप्रसादी के बाद भजन संध्या का आयोजन होगा।
श्री गजानन महाराज संस्थान रायुपर के अध्यक्ष अविनाश बल्लाल ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संत श्री का प्रगट दिवस गुरुवार 5 फरवरी से मंगलवार 10 फरवरी तक मनाया जाएगा। 5 फरवरी को सुबह 6 बजे कलश स्थापना, षोडशोपचार पूजन, सहस्त्रवर्तन अभिषेक प्रारंभ होगा। रात को 8 बजे महाआऱती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। रात 8.30 बजे से डा. स्मिता राजे और दीपक देवांगन द्वारा भक्ति गीत की प्रस्तुति होगी।
बल्लाल ने आगे बताया कि दूसरे दिन 6 फरवरी को सुबह सहस्त्रभिषेक पूजन, सहस्त्रवर्तन के बाद शाम को आरती और चैतन्य जोगळेकर और सोमेंद्र फड़के द्वारा भजन की प्रस्तुति दी जाएगी। शनिवार 7 फरवरी को प्रातः नियमित पूजा अर्चना के बाद शाम को लखनऊ से पहुंचे अरणा देवासकर और प्रज्योत देवासकर द्वारा भजन की प्रस्तुति दी जाएगी। चौथे दिन रविवार 8 फरवरी को संतश्री का प्रगट दिवस मनाया जाएगा। सुबह 5 बजे से श्री गजानन विजय ग्रंथ का सामूहिक परायण होगा। सुबह 10 बजे श्री गणेश याग के बाद महाआरती होगी। शाम को आरती के बाद भक्तोंको प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
श्री गजानन महाराज संस्थान रायुपर के उपाध्यक्ष जयंत तापस ने आगे बताया कि सोमवार 9 फरवरी को महाप्रसाद होगा। इस दिन सुबह की नियमित पूजा पाठ के बाद सुबह 10 बजे से श्री सत्यनारायण पूजन और दोपहर 1 बजे से भाजी भाकर (भंडारा) का आयोजन होगा। शाम को 8 बजे नियमित आरती होगी। मंगलवार 10 फरवरी को सुबह नियमित पूजा के बाद शाम 4 से महिलाओं द्वारा भजन की प्रस्तुति होगी। शाम को 6 बजे संतश्री की भव्य पालकी निकाली जाएगी। पालकी के बाद आरती और गोपाल काला वितरित किया जाएगा।