रायपुर

महाराष्ट्रीय स्वर्णकार समाज ने मनाया संत नहरी महाराज की पुण्यतिथि और स्नेह सम्मेलन

रायपुर। महाराष्ट्रीयन स्वर्णकार समाज, रायपुर द्वारा आयोजित संत श्री नहरी महाराज पुण्यतिथि एवं वार्षिक स्नेह सम्मेलन दिनांक 8 फरवरी 2026 को महाराष्ट्र मंडल, रायपुर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।  कार्यक्रम में समाजजनों की बड़ी संख्या में गरिमामय उपस्थिति रही। संत स्मरण, भजन-कीर्तन एवं आपसी स्नेह मिलन ने आयोजन को आध्यात्मिक और भावनात्मक रूप से अत्यंत प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अविनाश दिनकरराव निव्डिंग का आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही समाज सेवा एवं सक्रिय योगदान के लिए गुणवंत जी कुर्वे का सामाजिक सम्मान किया गया, जिसे उपस्थित समाजजनों ने हर्षपूर्वक सराहा।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राजनांदगांव से पधारे वशिष्ठ वाडेकर एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत संत नरहरी महाराज जी के अभंग रहे। उनके भावपूर्ण गायन और भक्ति रस से परिपूर्ण प्रस्तुति ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि पूरा सभागार भक्ति में सराबोर हो गया और उपस्थित जन मंत्रमुग्ध हो उठे।

समाज के अध्यक्ष ध्रुव कुमार बांगरे जी ने अपने उद्बोधन में समाज की एकता, आपसी सहयोग और साथ मिलकर आगे बढ़ने का प्रेरणादायक संदेश दिया। वहीं सचिव संतोष प्रभाकर भजे ने समाज की वार्षिक वित्तीय विवरण प्रस्तुत करते हुए पारदर्शिता पर जोर दिया तथा समाजजनों से एकजुट रहकर विशेष रूप से युवाओं को समाज की गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम की सफलता में समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन, मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता और युवाओं के उत्साहपूर्ण सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समाज सभी अतिथियों, समाजबंधुओं एवं समर्पित स्वयंसेवकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता है।