रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
कलेक्टर ने दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा केंद्र दानी स्कूल और शहीद संजय यादव शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, संजय नगर (टीकरापारा) का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। विद्यालय में आधार अपडेशन कार्य का भी निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं इस दौरान संजय नगर में पार्षद व जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता के आग्रह पर उनके मोहन स्वीट्स होटल पहुंचे और मिठाई खाई।
टीकरापारा और संतोषी नगर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क पर अतिक्रमण कर सामान रखने वाले दुकानदारों को अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही सामग्री रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मठपुरैना का दौरा
कलेक्टर ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मठपुरैना में ओपीडी, मेडिसिन विभाग, पंजीयन शाखा और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को दवाइयों की कमी न हो।
रायपुरा चौक पहुंचकर कलेक्टर ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और मार्ग में बाधा बन रहे पेड़ों की कटाई के निर्देश दिए। इसके अलावा रायपुरा स्थित विप्र नगर में निर्माणाधीन महतारी सदन एवं योग भवन का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम नंदकुमार चौबे, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित नगर निगम, बिजली विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखने को मिली और शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।