छत्तीसगढ़ के वेटलिफ्टर रुस्तम सारंग को मिली बड़ी जिम्मेदारी, खेल विभाग में नई पारी शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर रुस्तम सारंग को राज्य शासन द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग में सहायक संचालक के पद पर प्रतिनियुक्ति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के बाद सारंग ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया है।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगी क्योंकि पहली बार एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ी को प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को रुस्तम सारंग के तकनीकी अनुभव और विशेषज्ञता का सीधा लाभ निःशुल्क प्रशिक्षण के रूप में मिल सकेगा।
राज्य शासन ने रुस्तम सारंग की खेल उपलब्धियों और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग में प्रतिनियुक्ति दी है। लंबे समय से खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों द्वारा यह मांग की जा रही थी कि सारंग के अंतरराष्ट्रीय अनुभव का उपयोग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने में किया जाए।
बता दें कि रुस्तम सारंग इससे पहले छत्तीसगढ़ पुलिस में DSP के पद पर पदस्थ रहे हैं। उन्होंने SAI पटियाला से स्पोर्ट्स कोचिंग में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। हाल ही में खेल से संन्यास की घोषणा के बाद, अब वे प्रशासनिक स्तर पर खेल नीतियों और जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण को मजबूत करेंगे। सारंग छत्तीसगढ़ के पहले अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2005 में जूनियर एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने 2009 (मलेशिया), 2011 (दक्षिण अफ्रीका) और 2012 (समोआ) में कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में लगातार स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्हें खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शहीद कौशल यादव खेल पुरस्कार, शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार और प्रतिष्ठित गुंडाधुर सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।