विकसित भारत युवा संसद में बिलासपुर की आरती विजेता
2026-03-10 10:17 PM
86
0- गरियाबंद की हर्षिता उप विजेता, दुर्ग के दीपांशु को तीसरा स्थान, माय भारत स्वयंसेवकों की रही दमदार भागीदारी
रायपुर। 'माय भारत' के राज्य स्तरीय “विकसित भारत युवा संसद 2026” में प्रदेशभर के युवाओं को जोशीली भागीदारी रही। इसमें बिलासपुर की आरती कुमारी विजेता रहीं। गरियाबंद की हर्षिता यादव उप विजेता और दुर्ग के दीपांशु नेताम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री बाबा खुशवंत साहेब ने किया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की ओर से प्रस्तुत तथ्यपरक और शोध आधारित विचार आज नीति निर्माण की प्रक्रिया को नई दिशा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को नीति निर्माण की प्रक्रिया में अपनी आवाज़ प्रभावी ढंग से रखने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है। युवाओं के विचार और सुझाव राष्ट्रीय नीतियों व बजटीय चर्चाओं को भी प्रभावित कर रहे हैं। इसकी सराहना इस वर्ष के केंद्रीय बजट के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की।
केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में पुराने विधानसभा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यभर के 30 जिलों से आए 150 माय भारत स्वयंसेवकों और युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने केंद्रीय बजट 2026 पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए समावेशी विकास, कौशल विकास तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यहां राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले इन्हीं प्रतिभागियों ने जिला स्तर पर “आपातकाल के 50 वर्ष: लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर चर्चा की थी। इन प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक जिम्मेदारियों के महत्व को रेखांकित करते हुए अपने - अपने जिले में प्रथम पांच विजेताओं में स्थान बनाया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित तीनों प्रतिभागी आगामी राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और देश के समक्ष छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाल आरती कुमारी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली अनेक पहल से युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। इससे देश की आर्थिक प्रगति को नई गति प्राप्त होगी। उप विजेता हर्षिता यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की जागरूक और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे मंच युवाओं को नीति निर्माण की दिशा में सोचने और योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। तीसरा स्थान हासिल करने वाले दीपांशु नेताम ने कहा कि युवाओं के अनुभव और जमीनी समझ नीति निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं। इससे विकास से संबंधित योजनाएं अधिक प्रभावी और समावेशी बन सकती हैं।
ये रहे निर्णायक:-
विशाखा तोपखानेवाले, गीता दलाल, प्रसन्न निमोणकर, डॉ. आकांक्षा दुबे, डॉ. सुनीता चंसोरिया, रविंद्र ठेंगड़ी, सुमीता रायजादा, आराधना लाल, सरिता पांडे और रचना तिवारी।